धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं राखड़ लोड वाहन,राहगीरों को हो रही है परेशानी

ज़नाब खान की खबर
सरायपाली। इन दिनों औद्योगिक क्षेत्रों से भारी मात्रा में राखड़, मिट्टी लोड कर कई ट्रक सभी नियम कायदों को ताक में रखकर सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। ये राखड़ सड़क पर गिरते रहते हैं, जिससे राहगीरों को भी काफी परेशानी हो रही है। कुछ माह पूर्व तात्कालीन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हेमंत रमेश नंदनवार के द्वारा इस प्रकार अव्यवस्थित रूप से राखड़ लोड वाहनों पर कार्यवाही की गई थी एवं ट्रांसपोर्टरों को हिदायत भी दी गई थी, लेकिन अब पुन: इस प्रकार राखड़ भरे ओव्हरलोड ट्रकों का दौड़ना बदस्तूर जारी है।
वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ट्रकों में राखड़ लोड कर धड़ल्ले से सरायपाली क्षेत्र में सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनमें से कई वाहनों में न तो तिरपाल ढंका जाता है और न ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाया जाता है, लिहाजा वाहन से सड़क पर राखड़ गिरते जाते हैं। यहां तक कि वाहन का डाला भी ढंग से बंद नहीं करने के कारण सड़क पर जगह-जगह राखड़ के ढेर लग जाते हैं। वाहनों के गुजरते समय या वाहन के चले जाने के बाद भी यह राखड़ उड़ता रहता है, जो धूल का गुबार बनकर राहगीरों को परेशान करता है। सड़क पर चलने वाले राहगीरों, सायकल, मोटरसायकल सवारों के आंखों में धूल व राख पड़ता है, जिससे उन्हें बहुत अधिक परेशानी होती है। इस संबंध में लगातार शिकायत मिलने के बाद कुछ माह पूर्व तात्कालीन एसडीएम के द्वारा इसी तरह के एक राखड़ लोड वाहन पर कार्यवाही करते हुए उसकी जब्ती भी बनायी गई थी। साथ ही लोगों की परेशानियों को देखते हुए उनके द्वारा सभी ट्रांसपोर्टरों से इस प्रकार वाहनों में अव्यवस्थित रूप से राखड़ को लोड न करने और उसे व्यवस्थित रूप से रखने की हिदायत दी गई थी। लेकिन अब उनके इस अपील का भी कोई असर नहीं दिख रहा है और पुन: राखड़ लोड वाहनों का बिना किसी सुरक्षा उपायों के गुजरना जारी है। बहरहाल क्षेत्रवासियों के द्वारा इस प्रकार के ओव्हरलोड राखड़ वाले वाहनों पर रोक लगाये जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।





