कोरोना टीकाकरण के लिए जिले में की जा रही तैयारी शहरी क्षेत्र से लेकर दूर दराज क्षेत्र तक वैक्सीन पहुंचाने को विभाग के लोगों का तैयार किया जा रहा डेटा
जांजगीर-चांपा, 4 नवंबर 2020।
संभावित कोरोना वायरस वैक्सीन जैसे ही राज्य में पहुंचेगी तो जल्द से जल्द वैक्सीन को अलग-अलग जिलों में भेजा जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों की राज्य सरकारों से जिले के सीएमएचओ को निगरानी समितियां बनाने को कहा है। वैक्सीन के लिए कोल्ड चैन तैयार करने के साथ-साथ उसे सुदूर और जटिल इलाकों तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर समन्वय समितियां बनाने का काम भी शुरू हो चुका है। जांजगीर-चांपा में भी इसे लेकर राज्य के निर्देशानुसार तैयारियां चल रही हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र लहरे ने बताया, कोरोना टीकाकरण के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सीएमएचओ के निर्देश पर वैक्सीन के रख-रखाव के लिए कोल्ड चेन और उसे दूर दराज इलाकों तक पहुंचाने के लिए टीम गठन का काम चल रहा है।
टीकाकरण के लिए लोगों का डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्य विभाग सबसे पहले है। स्वास्थ्य विभाग में सभी सीएचसी, पीएचसी, निजी चिकित्सक और उनके स्टाफ,सीएमएचओ और उनके मातहत सभी रेगुलर व कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, शासकीय अस्पताल के स्टाफ इत्यादि को शामिल किया गया है। इसी तरह महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,आंगनबाड़ी सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी सहायिका के डेटा को तैयार किया जा रहा है।
वैक्सीन के रख रखाव के लिए तैयारी जोरों पर
डॉ. पुष्पेंद्र लहरे का कहना है कि “कोरोना टीकाकरण के संदर्भ में अभी जानकारीका संग्रह कर राज्य स्तर पर भेजने का कार्य चल रहा है। इसमें सरकारी और निजी चिकित्सकों और उनके स्टाफ की जानकारी भी एकत्र की जा रही है। कोरोना की वैक्सीन कब आएगी के संदर्भ में अभी कोई जानकारी नहीं है लेकिन सभी जरूरी तैयारी करने का निर्देश मिला है, जिसके लिए इसका कार्य तेजी से चल रहा है।‘’
सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस से होगा डिस्ट्रीब्यूशन
राज्य स्तर से वैक्सीन आते ही उसे सबसे पहले जिले के सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस में स्टोर किया जाएगा। इसके बाद इसे अलग-अलग ब्लॉक में बने ड्रग वेयर हाउस में भेजा जाएगा और सुनिश्चित किया जाएगा कि वहां कोल्ड चेन मेंटेन हो रहा है या नहीं। इसके बाद निर्देश के मुताबिक टीका लगाने का कार्य स्वास्थ्य विभाग के द्वारा किया जाएगा।
——————————




