बरिहापाली में जल जीवन मिशन से बन रहा पानी टंकी दो वर्षों से अधूरा, हो सकता है जल संकट

ज़नाब खान कि खबर
सरायपाली। प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घरों तक पानी पहुंचाने के लिए टंकी निर्माण कर पाईपलाईन बिछाई जा रही है, ताकि ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना न पडेÞ। लेकिन निर्माण एजेंसियों की लापरवाही के कारण आज भी कई गांवो में निर्माण कार्य अधूरे पडेÞ हुए हैं और ग्रामीणों को इस योजना का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। आने वाले एक दो माह में ही पुन: जल संकट उभरना शुरू हो जाएगा, ऐसी स्थिति में जहां योजना का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है वहां के ग्रामीणों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति ग्राम बरिहापाली में देखी गई है जहां नवम्बर 2022 तक कार्य पूर्ण हो जाना था, लेकिन एक वर्ष अधिक बीत चुका अभी तक टंकी बनकर तैयार नहीं हुआ है।
ग्राम पंचायत बरिहापाली में जल जीवन मिशन के तहत लगभग साढेÞ 65 लाख की लागत से फरवरी 2022 में कार्य प्रारंभ किया गया था, जिसे नवम्बर 2022 तक पूर्ण किया जाना था। इस संबंध में ठेकेदार के द्वारा सूचना बोर्ड भी लगा दिया गया है। हालांकि पाइपलाईन बिछाने का कार्य तो हो चुका है, लेकिन लगभग दो वर्ष बीतने को है अभी तक पानी टंकी का निर्माण पूर्ण नहीं हुआ है। बरिहापाली के ग्रामीण नेपाल पटेल, संजू पटेल, सफिक खान, बनवारीलाल नंद, शौकत अली आदि ने बताया कि ठेकेदार के द्वारा लगभग 4 माह पूर्व से पानी टंकी के कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया है और उसे पूर्ण करने में कोई रूचि नहीं दिखाई जा रही है। किसी तरह बोरवेल से पाईपलाईन में पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन आगामी दिनों में जल स्तर में कमी आने पर पाईपलाईन से पानी पहुंचाना मुश्किल होगा। यदि जल्द ही टंकी का निर्माण पूर्ण नहीं किया गया तो आने वाले दो तीन माह में ग्राम वासियों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
कई गांवों में अभी भी है काम अधूरा
जल जीवन मिशन योजना में प्रत्येक गांव में एक वाटर हेड टैंक का निर्माण किया जाता है। इस टैंक की क्षमता गांव की आबादी के आधार पर तय होती है। इसके बाद हर घर तक पाइपलाइन बिछाई जाती है और घरों में पानी का कनेक्शन दिया जाता है। इस योजना के अंतर्गत कई ग्रामों में लगभग दो वर्ष पूर्व से पानी टंकी का निर्माण व पाईपलाईन बिछाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। अनेक स्थानों पर तो कार्य पूर्ण हो गया है और ग्राम वासियों को इस योजना से जल आपूर्ति भी शुरू हो गई है। लेकिन अभी भी कई गांव है जहां कहीं पानी टंकी अधूरा पड़ा है तो कहीं पाईप लाईन बिछाने का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। वहीं कई गांवो में मामूली गड्ढे खोदकर पाईपलाईन बिछाए तो गए हैं लेकिन घरों तक कनेक्शन नहीं पहुंचाया गया है, इस बीच वाहनों के चलने से बिछाए गए पाईप भी खराब होने के कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में उन गांवो में पानी पहुंचने के पहले ही जल जीवन मिशन का औचित्य ही समाप्त होने की स्थिति निर्मित हो गई है।





