रामपुर चौकी फिर एक बार सुर्खियों में, बीमार युवक को बिना कारण जबरन किया गिरफ्तार, छोड़ने के एवज में पैसों की मांग।

कोरबा- रामपुर पुलिस चौकी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर बिना कारण बीमार युवक को जबरन कार्यवाही का भय दिखाकर 5000 रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगा है, वहीं रुपये नही देने पर युवक की स्कूटी को जप्त कर लिया है। इस मामले की शिकायत पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक कोरबा के समक्ष लिखित में की है। रामपुर चौकी में पदस्थ पुलिस पर गाड़ी छोड़ने के एवज में रुपये मांगने का एक सप्ताह में दूसरा मामला है जिसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से हुई है।

युवक द्वारा किये गए लिखित शिकायत में उल्लेख किया गया है महाराणा प्रताप नगर निवासी युवक युवक स्वास्थ्य खराब होने के कारण रात को निजी चिकित्सालय में स्वास्थ्य लाभ हेतु परामर्श के लिए गया था और चिकित्सालय से वापस घर लौट रहा था इसी दौरान रामपुर पुलिस चौकी के पेट्रोलिंग टीम द्वारा उसे रोका गया। पुलिस के रोकने पर युवक रुक गया और स्वास्थ्य खराब होने की बात कहते हुए घर जाने की बात कहने लगा।
पीड़ित युवक के अनुसार पुलिस ने उसकी एक न सुनी और उसे रामपुर चौकी लेकर चलने को कहा गया जिसके बाद युवक ने कहा कि उसकी गलती क्या है जवाब में पुलिस वाले ने कहा अनावश्यक बहस मत करो, आपको चौकी चलना ही पड़ेगा। युवक पुलिस को तबियत खराब होने की बात कहते हुए घर जाने की मिन्नते करता रहा लेकिन इसके बाद भी युवक को रामपुर चौकी पुलिस द्वारा बलपूर्वक ले आया गया।
युवक का स्वास्थ्य खराब हो रहा था लेकिन पुलिस वाले उसे छोड़ ही नही रहे थे। युवक पुलिस के इस ब्यवहार से तंग आकर अपने मोबाइल से परचित को सूचने देने मोबाईल से नंबर लगा रहा था तभी चौकी में मौजूद आरक्षक ने उसके मोबाइल को छीनने लगा जिससे मोबाइल गिर गया और उसका डिस्प्ले टूट गया।
फिर युवक ने पुलिस को घर जाने की बात कही तब पुलिस वालों ने घर जाने के एवज में 5000 रुपये की मांग करने लगे जिसके बाद युवक मजबूर होकर रुपये देने के लिए तैयार हो गया और अपने घर से पैसे लाने की बात कही। लेकिन पुलिस वालों ने कहा कि आप पैसा लेकर आइए उसके बाद अपनी स्कूटी को लेकर जाएंगे नहीं तो आप के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी और आपकी स्कूटी भी जप्त हो जाएगी।
इस मामले की लिखित शिकायत पीड़ित युवक ने कोरबा पुलिस अधीक्षक के समक्ष की है जिसमें उन्होंने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पैसों की मांग सहित पैसा नहीं देने के एवज में गाड़ी को जप्त करने की बात कही है।
उल्लेखनीय है रामपुर पुलिस चौकी में कुछ दिनों पूर्व ही काशीनगर निवासी एक युवक द्वारा गाड़ी छोड़ने के एवज में 5000 रुपये मांगने के आरोप पुलिसकर्मियों पर लगा चुके हैं जिसकी लिखित शिकायत युवक द्वारा जिले के पुलिस अधीक्षक सहित आई जी रतन लाल डांगी के दफ्तर तक भी जा पहुंची थी। मामला अभी ठंडा भी नहीं हो पाया दूसरा शिकायत पुलिस के खिलाफ पुलिस अधीक्षक महोदय के दफ्तर पर पहुंच गई है।
अब देखने वाली बात होगी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाले पीड़ित युवक की शिकायत और आरोपों में कितनी सच्चाई है और पुलिस की कार्यवाही में कितनी ईमानदारी यह जांच का विषय है। लेकिन इस तरह रामपुर पुलिस चौकी पुलिस की कार्यशैली पर कार्यवाही का भय दिखाकर रुपये मांगने की शिकायत निसंदेह गंभीर है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता है, ताकि पुलिस की कार्रवाई पर उंगली ना उठे साथ ही बेकसूर लोगों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर पर लगाम लग सके।




