वर्दी के अत्याचार पर न्याय की मुहर: सत्तनकुलम कांड में 9 पुलिसकर्मियों को फांसी।

तमिलनाडु के चर्चित सत्तनकुलम कस्टोडियल डेथ केस में मदुरै की प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत ने बड़ा और ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए 9 पुलिसकर्मियों को फांसी की सजा दी है। अदालत ने सभी आरोपियों को जयराज (59) और उनके बेटे बेनिक्स (31) की हिरासत में हुई मौत के लिए दोषी ठहराया।
घटना 19 जून 2020 की है, जब कोविड नियम उल्लंघन के नाम पर जयराज को हिरासत में लिया गया। बेटे बेनिक्स के विरोध करने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि दोनों को थाने में पूरी रात बेरहमी से पीटा गया। 22 जून को बेनिक्स और अगले दिन जयराज की मौत हो गई।
जांच में खुलासा हुआ कि दुकान तय समय से अधिक खुली ही नहीं थी, यानी मामला झूठा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। एक महिला कॉन्स्टेबल की गवाही ने पुलिस अत्याचार की परतें खोल दीं।
देशव्यापी आक्रोश के बाद यह फैसला आया, जिसे न्यायपालिका द्वारा पुलिस बर्बरता के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

रिपोर्टर – सुनील जोल्हे




